पुनाणु गांव में धान की मंडाई कर पूर्व मंत्री धनाई ने दिया समृद्ध किसान का संदेश

 


नई टिहरी, 09 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व कैबिनेट मंत्री व भाजपा नेता दिनेश सिंह धनाई ने जाखणीधार ब्लॉक के ग्राम पुनाणु में पहुंचकर ग्रामीणों के साथ धान की मंडाई कर खेती-किसानी करने का संदेश दिया। कहा कि सरकार कृषि और उद्यान के क्षेत्र में अनेक योजनाएं चला रही हैं। ऐसे में युवा स्वरोजगार के दृष्टि से भी इस क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं।

शुक्रवार को पूर्व मंत्री धनाई ने पुनाणु गांव में जन संपर्क के बाद समर्थकों के साथ खेतों में धान की मंडाई करते हुए ग्रामीणों को अपनी पारंपरिक खेती को प्रोत्साहित किया। कहा हमारे लोग खेती किसानी छोड़कर पलायन कर रहें हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों का दायित्व भी है कि वे भी खेती किसानी करने वाले कास्तकारों के साथ स्वयं खेतों में उतरें और उन्हें सहयोग करें। यदि जनप्रतिनिधि पैतृक बंजर पड़े खेत-खलियान को संवारना शुरू कर दंे तो हर लोग अपनी खेती की ओर लौट आएंगे। स्वंय से ही इसकी शुरूआत करनी होगी।

इससे पहले धनाई कई बार धान की रोपाई सहित कई मर्तबा निराइ-गुडाई और हल जोतते हुए भी दिखाई दिए हैं। कहा कि खेती-किसानी के संदेश को देने के लिए वह गांव के राजेंद्र सिंह गुसांई के खेतों में धान की मंडाई करने आए हैं। इस मौके पर बीडीसी रणवीर सिंह राणा, पूर्व प्रधान जोत सिंह पनाई, शूरवीर गुसांई, उम्मेद सिंह, गुलाब सिंह, राजेंद्र सिंह, बिजेंद्र सिंह, विजयपाल सिंह, मदन सिंह, चतर गुसांई, पूरण राणा, कमल सिंह, वीरेंद्र सिंह, कार्तिक, छंछरु, जोतर दास, राम दास मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी