पीसीएस में चयनित अधिकारियों ने एडीएम से लिया प्रशासनिक अनुभव
नई टिहरी, 08 सितंबर (हि.स.)। पीसीएस परीक्षा से चयनित 18 प्रशिक्षु शिक्षा अधिकारियों ने मंगलवार को जिला सभागार में एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी से मुलाकात की। प्रशिक्षु अधिकारियों ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली, शिक्षा व्यवस्था और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर एडीएम से मार्गदर्शन लिया।
एडीएम नेगी ने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को चयन पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में शिक्षा अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करने को कहा।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा में जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अधिकारियों को आमजन की समस्याओं को समझते हुए उनके प्रभावी समाधान के लिए प्रयासरत रहना चाहिए। इस अवसर पर प्रशिक्षु शिक्षा अधिकारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और प्रशासनिक कार्यों से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी