पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रवेश प्रक्रिया शुरू, इसी माह शुरू होंगी कक्षाएं
पिथौरागढ़, 12 अक्टूबर (हि.स.)।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद पिथौरागढ़ में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। जनपद में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है और कॉलेज के संचालन हेतु फैकल्टी की व्यवस्था भी पूरी कर ली गई है। अब मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के अंतर्गत प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, मेडिकल कॉलेज की शुरुआत से जनपद पिथौरागढ़ सहित आसपास के पर्वतीय एवं सीमांत क्षेत्रों में चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। साथ ही, भविष्य में क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने में भी सहायता मिलने की उम्मीद है। मेडिकल कॉलेज की एडवांस चिकित्सा सेवाओं का लाभ भी सीमांत जनपद के लोगों को मिल सकेगा एवं उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवा के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी।
मेडिकल कॉलेज में प्रथम वर्ष हेतु एमबीबीएस पाठ्यक्रम के लिए कुल 50 सीटों का प्रावधान किया गया है, जिनमें 7 सीटें केंद्र कोटे की तथा 43 सीटें राज्य कोटे के अंतर्गत निर्धारित हैं।
प्रिंसिपल राजकीय मेडिकल कॉलेज पिथौरागढ़ एके सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र कोटे की 7 सीट में से 3 सीटों पर एडमिशन किया जा चुका है। राज्य कोटे की 43 सीटों को भरने की प्रक्रिया भी जल्द ही शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य कोटे एवं केंद्र कोटे की सभी सीटों पर एडमिशन की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए इसी माह कक्षाएं प्रारंभ कर दी जाएगी।
मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य अंतिम चरण में होना, फैकल्टी की व्यवस्था पूरी होना व प्रवेश प्रक्रिया की तैयारी जनपद में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे पिथौरागढ़ में उच्च शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास को गति मिलेगी।
राज्य सरकार द्वारा पर्वतीय एवं सीमांत क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों के क्रम में पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज की शुरुआत महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष दरियाल