पालिका भवन से शिक्षा कार्यालय हटाने की मांग, सभासदों का प्रदर्शन

 

नैनीताल, 11 जून (हि.स.)। नगर पालिका परिषद नैनीताल के आधा दर्जन से अधिक सभासदों ने गुरुवार को पालिका भवन में स्थित शिक्षा विभाग के कार्यालय को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

सभासदों ने कहा कि पिछले लगभग आठ वर्षों से भवन में स्थित शिक्षा विभाग का कार्यालय बंद पड़ा है, जबकि पालिका में जनप्रतिनिधियों के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

सभासदों का कहना था कि पूर्व में यहां नगर शिक्षा अधिकारी का कार्यालय संचालित होता था, लेकिन लंबे समय से कार्यालय बंद पड़ा है। इस संबंध में नगर पालिका की ओर से शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कई बार पत्र भेजे गये, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

सभासदों ने कहा कि शिक्षा विभाग को अपना कार्यालय किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करना चाहिए, ताकि पालिका भवन के कक्ष का उपयोग जनप्रतिनिधियों और पालिका कार्यों के लिए किया जा सके। इस दौरान सभासदों ने नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन में मनोज जगाती, अंकित चंद्र, भगवत रावत सहित अन्य सभासद उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी