पाबौं को मिली 4.85 करोड़ की योजनाओं की सौगात
पौड़ी गढ़वाल, 27 जून (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को पाबौं विकासखंड में 4.85 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कई गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। शनिवार को कैबिनेट मंत्री डा.धन सिंह ने 4.85 करोड़ से अधिक लागत की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क कर स्थानीय जनता की समस्याएं भी सुनीं। कैबिनेट मंत्री ने ग्राम बजवाड़ में 55.50 लाख की लागत से बनने वाले उप स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को गांवों तक सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है और इस उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से क्षेत्र की बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा। इसके बाद उन्होंने चमगांव तोक से बड़ियूं गांव तक 10.01 लाख की लागत से बनने वाले सड़क संपर्क मार्ग निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। वहीं, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत पटोटी-माथोली मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं निर्माण कार्य का भी विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। 3.50 किलोमीटर लंबाई वाले इस मोटर मार्ग का निर्माण 419.48 लाख की लागत से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क बेहतर होने से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास गतिविधियों को गति मिलेगी और लोगों की आवाजाही भी सुगम होगी। कैबिनेट मंत्री ने ग्राम सलाना में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी त्रिलोक सिंह भंडारी की स्मृति में निर्मित त्रिलोक सिंह भंडारी स्मृति द्वार का लोकार्पण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने सलाना, बड़ियूं, चमगांव, कालौं सहित विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। कहा कि राज्य सरकार विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष पाबौ विमल नेगी, पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेंद्र भंडारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पुष्पा नेगी, मंडल महामंत्री बलवीर सिंह, गंगा सिंह, रमेश भंडारी, मनवर सिंह रावत, राम सिंह रावत, विनोद नेगी, योगेंद्र भंडारी, आलम सिंह आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह