पांच सूत्रीय मांगों को लेकर दूसरे दिन भी धरने पर डटे कार्यकर्ता
पौड़ी गढ़वाल, 28 अक्टूबर (हि.स.)।पांच सूत्रीय मांगों को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता गणेश चंद्र भट्ट और दिलबर नेगी का जिला मुख्यालय स्थित डीएम कार्यालय के समीप अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। उन्होंने मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होने पर एक नवंबर से भूख हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी।
कार्यकर्ताओं ने पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, लच्छीवाला-डोईवाला टोल प्लाजा बंद करने, पाबौ में उप जिला चिकित्सालय खोलने, उप तहसील स्थापित करने और भूमि विकास से जुड़ी मांगों के निस्तारण की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि ये सभी मुद्दे जनहित से जुड़े हैं और सरकार को इन पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह