पर्यटन स्थल धनोल्टी में जाम से यात्रियों समेत स्थानीय लोग परेशान

 




नई टिहरी, 03 अक्टूबर (हि.स.)। वीकेंड पर प्रसिद्ध पर्यटन स्थल धनोल्टी में जाम की स्थिति बनी हुई है। बड़ी संख्या में लोग यहां मसूरी से घूमने पहुंच रहे हैं। जिससे बुरांशखंडा से धनोल्टी तक लंबा जमा लगा हुआ है। पुलिस और प्रशासन भी बेबश है। लोगों ने अपने वाहन आड़े-तिरछे पार्क किए हुए हैं, जिससे वहां लंबा जाम लगा हुआ है।

अक्तूबर माह में मौसम सुहाना होते ही फिर से मसूरी-धनोल्टी क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी होने लगी है। बीते कुछ माह में बारिश के कारण पर्यटक कम संख्या में यहां पहुंच रहे थे। लेकिन अब लोग धनोल्टी, काणाताल और सुरकंडा देवी मंदिर में सैर-सपाटा के लिए पहुंच रहे हैं। शनिवार को धनोल्टी में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। बुरांशखंडा से धनोल्टी और इससे आगे कद्दूखाल तक जाम की जाम लगा रहा।

इको पार्क समिति के पदाधिकारियों मनोज उनियाल, विजय राणा, कुलदीप नेगी, होटल व्यवसायी दीपक बेलवाल, मनीष सिंह आदि ने बताया कि पार्किंग न होने से धनोल्टी में जाम की स्थिति बनी रहती है। बीते एक-दो दिन में पर्यटकों की संख्या अचानक बढ़ने से कुछ ज्यादा ही जाम लग रहा है। बताया कि अधिकांश लोग अपने वाहन सही तरीके से पार्क नहीं कर रहे हैं।

वे सड़क पर आड़े-तिरछे तरीके से वाहनों को खड़ा कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस और तहसील प्रशासन से व्यवस्था बनाने की मांग की। वहीं जिला प्रशासन से धनोल्टी की पार्किंग को पूरा कर इसे शुरू करने की अपील भी की है। धनोल्टी चौकी प्रभारी यशवंत खत्री का कहना है कि पुलिस लगातार गश्त कर यात्रियों सहित स्थानीय लोगों को जागरूक कर रही है। सभी को वाहन सही तरीके से पार्क करने को कहा जा रहा है, बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े करने वालों का चालान किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी