न्याय पंचायत और ग्राम स्तर पर लगाए जाएंगे शिविर: नितिका
नई टिहरी, 23 सितंबर (हि.स.)। केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण करने के लिए सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत न्याय पंचायत और ग्राम स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे।
डीएम नितिका खंडेलवाल ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न ब्लॉकाें में न्याय पंचायत और ग्राम पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर/स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के निर्णयों, नीतियों, उपलब्धियां और विकसित भारत-2047 की संकल्पना के अनुरूप आमजन को सरकार योजनाओं से लाभान्वित करना हैै।
निर्धारित रोस्टर के तहत 25 और 26 सितंबर 2026 को थौलधार ब्लाॅक सभागार में शिविर लगाया जाएगा। 27-28 सितंबर को जौनपुर ब्लॉक मुख्यालय, 29-30 सितंबर को कीर्तिनगर के जीआईसी आछरी खूंट, 30 सितंबर और एक अक्तूबर को भिलंगना ब्लॉक मुख्यालय। एक-दो अक्तूबर को चंबा ब्लॉक के सुनार गांव में, तीन-चार अक्तूबर को जाखणीधार ब्लॉक के राजकीय महाविद्यालय पौखाल, चार-पांच अक्तूबर को प्रतापनगर ब्लॉक के जीआईसी लंबगांव, पांच-छह अक्तूबर को देवप्रयाग ब्लॉक के जीआईसी हिंडोलाखाल, छह-सात अक्तूबर को नरेंद्रनगर के राजकीय पॉलीटेक्नीक कॉलेज गजा में शिविर लगाया जाएगा।
प्रत्येक शिविर में स्थानीय विधायक, मंत्री और जिला स्तरीय उच्चाधिकारियों की उपस्थिति निर्धारित की गई है। डीएम ने बताया कि 25-26 सितंबर से लगाए जाने वाले शिविर के पहले दिन बहुउद्देशीय/स्वास्थ्य शिविर में 23 विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि शिविर में दर्ज आमजन की समस्या का मौके पर निस्तारण करना सुनिश्चित करें। कार्यक्रम का तीन दिन पहले से प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है। शिविर में जन प्रतिनिधियों की सहभागिता अनिवार्य की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी