नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर यातायात बहाल
नैनीताल, 03 सितंबर (हि.स.)। नैनीताल जनपद में लगातार तीसरे दिन गुरुवार को भी बारिश हुई। लेकिन इस बीच धूप के भी दर्शन होने से राहत मिली। इस दौरान नैनीताल-हल्द्वानी राजमार्ग पर दो गांव-डोलमार के बीच भेड़िया पखांड़ के पास दो दिन से आ रहे मलबे को हटाकार मार्ग को यातायात के लिये खोल दिया गया। हाईवे पेट्रोल-3 ज्योलीकोट में तैनात आरक्षी अनूप सिंह और प्रदीप सिंह ने जेसीबी की मदद से लगातार मलबा हटवाकर मार्ग पर यातायात सुचारू कराया।
इधर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की तीन सितंबर की शाम की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में नैनीताल में 70 मिमी, हल्द्वानी में 30 मिमी, श्री कैंची धाम में 40 मिमी, बेतालघाट में 25 मिमी और मुक्तेश्वर में 38.6 मिमी बारिश दर्ज हुई। बारिश के चलते जिले में 23 ग्रामीण मार्ग बाधित हैं। इनमें बजून-अधौड़ा, तल्ली रामगढ़-रातीघाट, ढौकाने-कुलगढ़ बिचखाली, शीतला-छतौला, अलचौना-ताड़ा, देवपुरा-सौड़, सलियाकोट-अनर्पा, बिनकोट-चन्द्रकोट, हरतपा-हली, रातीघाट-बुधलाकोट, मोरनौला-भीड़ापानी, देवली-महतोली, पदमपुर-सुवाकोट, स्यूड़ा-कोन्ता-ककोड़, बरेली-अल्मोड़ा-सिरसा, पटलोट-पश्यागांव, पतलिया-ज्योस्यूड़ज्ञ आदि मार्ग शामिल हैं।
संबंधित खंडों द्वारा मार्ग खोलने की कार्रवाई जारी है। इस बीच हुई बारिश से धारी तहसील के किशनी देवी, केशर सिंह, चनुली देवी, आन सिंह, प्रकाश चन्द्र, खीमानंद, प्रेम बल्लभ, शेखर बड़ौला और नवीन चंद्र के घरों-आंगन को आंशिक क्षति पहुंची हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी