नैनीताल-हल्द्वानी के लिए समग्र यातायात योजना तैयार, सर्वेक्षण शुरू

 


नैनीताल, 17 मार्च (हि.स.)। जनपद नैनीताल के नैनीताल व हल्द्वानी नगरों में सुगम, सुरक्षित एवं टिकाऊ यातायात व्यवस्था विकसित करने हेतु समग्र यातायात एवं परिवहन योजना तैयार की जा रही है। लोक निर्माण विभाग नैनीताल ने इस योजना के निर्माण का दायित्व सीआरआरआरआई यानी सेंट्रल रोड रिसर्च इंस्टीट्यूट नई दिल्ली और गाजियाबाद की हाइवे इंजीनियरिंग सॉल्यूंसस को सौंपा है।

यह योजना शहर के मास्टर प्लान के अनुरूप तैयार की जा रही है, जिसमें सड़क नेटवर्क, सार्वजनिक परिवहन, पार्किंग व्यवस्था के साथ ही पैदल एवं गैर मोटर चालित यातायात को भी ध्यान में रखा जाएगा। योजना भविष्य में शहरी परिवहन अवसंरचना के विकास हेतु मार्गदर्शक दस्तावेज के रूप में कार्य करेगी। इसके अंतर्गत नैनीताल शहर में घरेलू सर्वेक्षण, चौराहे पर यातायात की मात्रा की गणना, ब्लॉक के बीच में यातायात की मात्रा का सर्वेक्षण, बाहरी घेरा सर्वेक्षण, सड़क किनारे साक्षात्कार, ऑक्यूपेंसी और मूल व गंतव्य सर्वेक्षण, पैदल चलने वालों की संख्या का सर्वेक्षण, सार्वजनिक परिवहन और टेम्पो ट्रैवलर, टैक्सी, बस इत्यादि का आईपीटी सर्वेक्षण, पार्किंग सर्वेक्षण, गति और विलंब सर्वेक्षण, स्पॉट गति सर्वेक्षण, माल ढुलाई और सामान ऑपरेटर सर्वेक्षण, गैर-मोटर चालित यातायात उपयोगकर्ता सर्वेक्षण आदि विभिन्न तकनीकी सर्वेक्षण कराए जाएंगे।

लोनिवि के सहायक अभियंता गोविंद सिंह जनौटी ने बताया कि यह सर्वेक्षण उत्तराखंड उच्च न्यायालय के निर्देशों पर यह सर्वेक्षण गाजियाबाद की हाइवे इंजीनियरिंग सॉल्यूंसस की टीम के द्वारा किया जा रहा है। टीम के सदस्यों ने मंगलवार से कार्य प्रारंभ कर दिया है। बुधवार से इस सर्वेक्षण में तेजी आएगी। लगभग 10 दिनों में यह सर्वेक्षण किया जाना है। टीम के सदस्य बाहर से आने वाले पर्यटकों एवं वाहन चालकों से भी बात करेंगे ताकि उन्हें महसूस होने वाली समस्याओं को बेहतर तरीके से पता लग सके। लोक निर्माण विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि सर्वेक्षण कार्य के दौरान संबंधित टीम को सहयोग प्रदान करें, ताकि प्रभावी व दीर्घकालिक यातायात व्यवस्था विकसित की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी