नैनीताल में जन्माष्टमी की धूम, नयना देवी मंदिर में उमड़ी भीड़

 


नैनीताल, 04 सितंबर (हि.स.)। दुनिया को गीता जैसा प्रतिष्ठित ज्ञान देने वाले भगवान श्रीकृष्ण का जन्म दिन श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के रूप में देशभर के साथ सरोवर नगरी में भी अत्यधिक धार्मिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। नयना देवी मंदिर में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया है और आकर्षक झांकियां लगाई गई हैं। नैनीताल पहुंचे सैलानियों ने भी मंदिरों में पहुंचकर दर्शन किए। जबकि अधिकांश नगर वासियों ने श्रीकृष्ण के जन्म समय मध्य रात्रि तक उपवास रखकर अपनी आस्था को प्रकट और दृढ़ किया। मंदिर के बाहर मुंबई की तरह युवाओं का दही-हांडी फोड़ने का कार्यक्रम भी आयोजित हुआ।

इस अवसर पर घर-घर में छोटे बच्चों को राधा-कृष्ण के रूप में भी सजाया गया। इसी रूप में विद्यालय और बाजारों में पहुंचने बच्चों के मनमोहक रूप लोगों को आकर्षित करते रहे। बाजार में भी जन्माष्टमी को लेकर खास रौनक रही। लोग बच्चों के लिए राधा-कृष्ण के मोर मुकुट, बांसुरी, लहंगा-चोली और पीतांबर जैसे आकर्षक परिधानों के साथ इस अवसर पर बनने वाले पजीरी जैसी मिठाई और अन्य व्यंजनों के लिये सूखे मेवे खरीदते देखे गये।

हाई कोर्ट मार्ग स्थित राधा-कृष्ण मंदिर और भवाली रोड कैंट स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। नैनी पब्लिक स्कूल सहित कई प्रतिष्ठित विद्यालयों में भी जन्माष्टमी के अवसर पर छात्र-छात्राएं कृष्ण और राधा की वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे। इस दौरान प्रधानाचार्य गिरीश सनवाल ने विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और जन्माष्टमी के महत्व की जानकारी दी। कृष्ण और राधा की वेशभूषा में श्रीकृष्ण के जीवन पर कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनमें शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और कर्मचारी शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी