नैनीताल की बेटी सोनाक्षी बनीं हिमांचल प्रदेश में डीएम

 


नैनीताल, 26 सितंबर (हि.स.)। नैनीताल की बेटी और 2016 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा की आईएएस अधिकारी सोनाक्षी सिंह तोमर को हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले का उपायुक्त (उत्तराखंड के डीएम के समतुल्य डीसी-डिप्टी कमिश्नर) नियुक्त किया गया है। हिमाचल प्रदेश सरकार ने शुक्रवार 25 सितंबर को प्रशासनिक फेरबदल के तहत यह नियुक्ति की थी। जिसके बाद सोनाक्षी ने शनिवार को राजधानी शिमला में यह कार्यभार ग्रहण भी कर लिया है।

सोनाक्षी वर्तमान में बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण की मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में कार्य कर रही थीं। उल्लेखनीय है कि सोनाक्षी का मूल निवास नैनीताल में मल्लीताल बड़े डाकघर के निकट है। उन्होंने नैनीताल के सेंट मेरीज कॉन्वेंट से 2008 में 12वीं उत्तीर्ण की थी। इसके पश्चात उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के भगत सिंह कॉलेज से 20211 में अर्थशास्त्र में बीए ऑनर्स किया और प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी प्रारंभ की। तीसरे प्रयास में वह भारतीय प्रशासनिक सेवाओं के साक्षात्कार के स्तर तक पहुंची और चौथे प्रयास में उन्होंने यह प्रतिष्ठित उत्तीर्ण कर ली।

सोनाक्षी लाल बहादुर शास्त्री अकादमी मसूरी में दो वर्ष प्रशिक्षण लेने के उपरांत हिमाचल प्रदेश संवर्ग में 2016 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। सेवा के दौरान वह त्रिपुरा में सहायक कलेक्टर एवं कार्यकारी दंडाधिकारी और उपमंडल अधिकारी के रूप में कार्य कर चुकी हैं। बाद में हिमाचल प्रदेश में सिरमौर में अतिरिक्त उपायुक्त (विकास) सहित विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं तथा हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास निगम की प्रबंध निदेशक भी रहीं।

इसके बाद बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण में मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में तैनात थीं। उनके पिता मुकेश तोमर कुमाऊं मंडल विकास निगम नैनीताल में वरिष्ठ प्रबंधक पद से और माता पुष्पा तोमर भारतीय स्टेट बैंक की नैनीताल शाखा में लगभग 36 वर्ष की सेवा के उपरांत सेवानिवृत्त हुई हैं। नैनीताल नगर में उनके हिमांचल प्रदेश में डीएम बनने पर हर्ष का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी