नैनीताल: अंतरराष्ट्रीय हिंदी परिषद के जिला अध्यक्ष बने नवीन पांडे
नैनीताल, 30 दिसंबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय हिंदी परिषद ने नैनीताल निवासी शिक्षक एवं प्रसिद्ध उदघोषक नवीन पांडे को नैनीताल जनपद का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। परिषद के उत्तराखंड कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्य के पूर्व संस्कृत शिक्षा निदेशक आनंद भारद्वाज द्वारा उनकी नियुक्ति का आदेश जारी किया गया।
आदेश में बताया गया है कि शिक्षा विभाग में लगभग तीन दशकों की सेवाओं के साथ-साथ हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
नवीन पांडे की नियुक्ति पर विधायक सरिता आर्या, नगर पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविन्द राम जायसवाल, खंड शिक्षा अधिकारी केना चौहान ग्रोवर सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों एवं सामाजिक संगठनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
उल्लेखनीय है कि नवीन पांडे वर्तमान में शिक्षा विभाग में व्यायाम शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। इसके साथ ही वे वर्ष 2000 से अब तक उत्तराखंड, दिल्ली, उत्तर प्रदेश एवं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में विभिन्न बड़े आयोजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एक सफल उदघोषक के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। हाल ही में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में भी उन्होंने उदघोषणा का दायित्व निभाया था। वर्ष 2012 में उन्हें शिक्षा विभाग का आधिकारिक उदघोषक भी नियुक्त किया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी