नवंबर में पेंशनरों के लिए लगेंगे जागरूकता और चिकित्सा शिविर
पौड़ी गढ़वाल, 04 नवंबर (हि.स.)। पेंशनरों की सुविधा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जिले में नवंबर माह के दौरान राष्ट्रीय डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं, साइबर धोखाधड़ी से बचाव और पेंशन संबंधी अधिकारों की जानकारी दी जाएगी।
मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह ने बताया कि अभियान के तहत एक से सात नवंबर तक पेंशनर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं, नौ से 13 नवंबर तक डोर स्टेप अभियान चलाकर पेंशनरों को घर पर ही डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा दी जाएगी। 16 और 17 नवंबर को राज्य स्वास्थ्य योजना एवं चिकित्सा प्रतिपूर्ति की जानकारी दी जाएगी। जबकि 18 और 19 नवंबर को निःशुल्क चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 21 और 23 नवंबर को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के लिए जागरूकता शिविर आयोजित होंगे। 25 नवंबर को पेंशनरों को उनके अधिकारों की जानकारी दी जाएगी। वहीं, 26 और 27 नवंबर को आहरण-वितरण अधिकारियों के साथ बैठक कर पेंशन संबंधी लंबित प्रकरणों पर चर्चा की जाएगी।
इसके अलावा 28 और 30 नवंबर को पेंशनरों की शिकायतों के निस्तारण के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य कोषाधिकारी ने जिले के सभी पेंशनरों से अभियान में प्रतिभाग कर इसका लाभ उठाने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह