नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज के नाम पर विश्वासघात करने का आरोप
नई टिहरी, 19 अगस्त (हि.स.)। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण करने की मांग को लेकर चौथे दिन भी स्थानीय लोगों का धरना और क्रमिक अनशन जारी रहा। आंदोलनकारियों ने सरकार पर टिहरी बांध प्रभावितों के साथ विश्वाघासत करने का आरोप लगाया। बुधवार को बौराड़ी गणेश चौक में मेडिकल कॉलेज निर्माण शुरू करने की मांग के समर्थन में 16 अगस्त से स्थानीय लोग धरना-क्रमिक अनशन कार्यक्रम आयोजित करते आ रहे है।
बुधवार को उक्रांद के जिलाध्यक्ष डीडी पंत, विमला बहुगुणा, मनजीत, राजेंद्र नौटियाल, सोहन लाल, दिनेश पेटवाल, नरेश कोठियाल, मनीष सकलानी, संजीवाला, राहुल कोठियाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट क्रमिक अनशन पर बैठे रहे। धरना स्थल पर हुई बैठक में कांग्रेस के शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार ने कहा कि जिला मुख्यालय नई टिहरी में दो मुख्यमंत्रियों ने मेडिकल कॉलेज बनाने की घोषणा की थी, लेकिन अब सरकार की ओर से टिहरी मेडिकल कॉलेज के लिए भूमि चयन को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। जिससे टिहरी के लोगों की जनभावनाएं आहत हुई है। सरकार को इस मामले में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। इस मौके पर अमित रतूड़ी, नवीन सेमवाल, शिवराज सजवाण, गंगा भगत सिंह नेगी, देवेंद्र नौडियाल, पर्वत कुमाईं, लखवीर चौहान मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी