दो वर्ष बाद सार्वजनिक हुआ हरेला मेला 2024 का आय-व्यय, 26 लाख खर्च कर 22 लाख की आय

 


नैनीताल, 22 अगस्त (हि.स.)। नैनीताल जनपद के भीमताल में हर वर्ष आयोजित होने वाले हरेला मेले के 2024 के संस्करण का आय-व्यय विवरण नगर पालिका परिषद भीमताल ने दो वर्ष बाद सार्वजनिक किया है। आंकड़ों के अनुसार मेले से 22 लाख 13 हजार 778 रुपये की आय हुई, जबकि मेले पर कुल 25 लाख 98 हजार 287 रुपये व्यय किये गये। यानी आय की तुलना में 3 लाख 84 हजार 509 रुपये अधिक खर्च होने का तथ्य सामने आया है।

नगर पालिका से यह आंकड़े प्राप्त करने वाले क्षेत्रीय सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी ने बताया कि कि लगातार दो वर्षों तक किए गए प्रयासों के बाद अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार सिंह ने उन्हें आज 22 अगस्त को आय-व्यय के विवरण की हस्ताक्षरित प्रतिलिपि उपलब्ध कराई है। आधिकारिक विवरण के अनुसार नगर पालिका को निविदा बिक्री से 64 हजार 428 रुपये, मनोरंजन उपकरणों से 3 लाख 25 हजार रुपये और दुकान किराये से 18 लाख 24 हजार 350 रुपये की आय दर्शाई गई है। जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर 3 लाख 86 हजार 900 रुपये, विज्ञापन पर 1 लाख 88 हजार 929 रुपये, टीन शेड दुकान निर्माण पर 5 लाख रुपये, सफाई व्यवस्था पर 2 लाख 95 हजार रुपये, होर्डिंग और फ्लैक्सी पर 1 लाख 42 हजार 520 रुपये, सीसीटीवी पर 1 लाख 20 हजार 960 रुपये, वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी पर 1 लाख 47 हजार 500 रुपये, विद्युत एवं ध्वनि व्यवस्था पर 3 लाख 36 हजार 300 रुपये, तंबू एवं पेयजल व्यवस्था पर 2 लाख 57 हजार 240 रुपये तथा अन्य मदों में 2 लाख 22 हजार 638 रुपये खर्च हुए हैं।

पूरन बृजवासी ने कहा कि जनता के धन से आयोजित मेले का हिसाब जनता के सामने आना चाहिए और इसके लिए उन्हें दो वर्षों तक प्रयास करना पड़ा। उन्होंने नगर पालिका से मांग की कि भविष्य में प्रत्येक मेले के समापन के 15 दिन के भीतर आय-व्यय का पूरा विवरण सूचना पट, जालस्थल और समाचार पत्रों के माध्यम से सार्वजनिक किया जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे। माना जा रहा है कि आंकड़े उपलब्ध कराने में देरी के पीछे आय से अधिक व्यय भी बड़ा कारण हो सकता है, जिसे नियंत्रित किये जाने और ऐसे आयोजनों में मितव्ययिता बरतने की उम्मीद की जाती है। यदि जनता का पैंसा गलत तरीके से लुटाया गया हो तो दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई भी होनी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी