देवप्रयाग के पलेठी स्थित शिवालय तक 2.5 किमी सड़क के लिए 96.23 लाख की स्वीकृति
नई टिहरी, 02 सितंबर (हि.स.)। देवप्रयाग विधानसभा के ग्राम पलेठी (डोबल्यालों) स्थित शिवालय तक ढाई किमी लंबे मोटर मार्ग के नव निर्माण के लिए 96.23 लाख रूपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। जिसका शिलान्यास करते हुए विधायक कंडारी ने लोनिवि के अधिकारियों को समय और गुणवत्ता से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को द्वितीय चरण के तहत निर्मित होने वाले उक्त मोटर मार्ग का शिलान्यास करते हुए विधायक कंडारी ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से पलेठी सहित आसपास के ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।
वहीं उन्हें मंदिर तक जाने में भी दिक्कत नहीं उठानी पड़ेगी। बताया कि पलेठी के ग्रामीण लंबे समय से शिवालय तक सड़क सुविधा की मांग कर रहे थे। कहा कि सड़कें विकास की पहली सीढ़ी हैं। क्षेत्र के अधिकांश गांवों को सड़क से जोड़ दिया है। कुछ तोक अवशेष हैं, जिनके प्रस्ताव और डीपीआर शासन को भेजी गई है।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट, डीसीबी निदेशक जेपी चंद, लोनिवि कीर्तिनगर की एई निक्की बाला, साब सिंह, ग्राम प्रधान भगवान सिंह रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र रावत, दलवीर सजवाण, जिला मंत्री प्रमोद चंद, गोविंद चौहान, अर्जुन चौहान माैजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी