तुंगडुण्डा-भैंसवाड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण का विधायक ने किया लोकार्पण

 


पौड़ी गढ़वाल, 24 अगस्त (हि.स.)। पौड़ी विधानसभा क्षेत्र के पाबौ विकासखंड में तुंगडुण्डा-भैंसवाड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का सोमवार को विधायक राजकुमार पोरी ने लोकार्पण किया। करीब 5 किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग के डामरीकरण पर 324.26 लाख रुपये की लागत आई है। सड़क के डामरीकरण से क्षेत्र के कई गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर विधायक राजकुमार पोरी ने क्षेत्रवासियों को मोटर मार्ग के डामरीकरण की बधाई देते हुए कहा कि सड़क का डामरीकरण होने से भैंसवाड़ा, तुंगडुण्डा, सिर्किल, कलुण समेत आसपास के अन्य गांवों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुविधा को बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

विधायक ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक गांव को सड़क सुविधा से जोड़ना है। जिन गांवों तक सड़कें पहुंच चुकी हैं, वहां सड़कों के डामरीकरण और सुधारीकरण का कार्य भी कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए लगातार विभिन्न योजनाओं और निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है।

लोकार्पण कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि सुशील रावत, किसान आयोग सदस्य ओमप्रकाश जुगराण, लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड पौड़ी की सहायक अभियंता अंकिता सक्सेना, कनिष्ठ अभियंता राखी कल्याण, कमला पंथ, मनोज जखमोला, राकेश रुडोला, प्रधान प्रतिनिधि अरविंद सिंह, पूर्व प्रधान जयकृत सिंह समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह