तीनपानी फ्लाईओवर हादसे की होगी मजिस्ट्रियल जांच, एडीएम विवेक राय बनाए गए जांच अधिकारी

 


नैनीताल, 14 जुलाई (हि.स.)। हल्द्वानी के गौलापार-तीनपानी फ्लाईओवर पर गत 11 जुलाई को हुई भीषण सड़क दुर्घटना में चार युवकों की मृत्यु हो गई थी। इस दुर्घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने दुर्घटना के कारणों की निष्पक्ष, स्वतंत्र और विधिसम्मत जांच के लिए अपर जिलाधिकारी विवेक राय को जांच अधिकारी नामित किया है।

जिलाधिकारी ने जांच अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर 21 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। रिपोर्ट में दुर्घटना के वास्तविक कारणों का उल्लेख करने के साथ-साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी शामिल किए जाएंगे। जिलाधिकारी रयाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्घटना के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच कर जिम्मेदारियों का निर्धारण किया जाएगा तथा सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी