तहसील दिवस में 175 से अधिक शिकायतें, डीएम ने एक सप्ताह में निस्तारण के दिए निर्देश
पौड़ी गढ़वाल, 01 सितंबर (हि.स.)। विकासखंड थलीसैंण के दूरस्थ मजरा महादेव में आयोजित तहसील दिवस में 175 से अधिक शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अधिकारियों को मौके पर शिकायतों की स्थिति जानने के साथ ही सरल प्रकरणों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत पर हुई कार्रवाई की जानकारी संबंधित शिकायतकर्ता को भी दी जाए।
तहसील चाकीसैंण क्षेत्र के ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, कृषि, राशन, आवास और रोजगार से जुड़ी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने 3 सितंबर से चाकीसैंण क्षेत्र में एक सप्ताह तक आधार शिविर संचालित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाने के लिए भी शिविर आयोजित किया जाएगा।
तहसील दिवस में राजकीय प्राथमिक विद्यालय मझोली के क्षतिग्रस्त भवन का प्रस्ताव शीघ्र भेजने, कुचोली में मिड-डे मील शेड निर्माण, नौगांव ईड़ा विद्यालय की क्षतिग्रस्त पाइपलाइन व भवन की मरम्मत तथा ‘हर घर नल’ से जुड़ी शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए सामूहिक घेरबाड़ और चैनलिंक फेंसिंग के प्रस्ताव ग्रामसभाओं से लेने को कहा गया। पशुपालन, मुर्गीबाड़े और अन्य रोजगारपरक ऋण आवेदनों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।
सड़कों से जुड़ी शिकायतों में मजरा महादेव-सौड़, नौड़ी-सौड़, चुठाणी, सांकरसैंण और ईड़ा ग्वींठ मार्गों की स्थिति पर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश मिले। बगेली में सड़क कटिंग का मुआवजा नहीं मिलने के मामले में संयुक्त निरीक्षण कराने तथा बिरसोड़ा में नई सड़क के अलाइनमेंट की ग्रामीणों की मौजूदगी में जांच करने को कहा गया।
लटकते बिजली के तारों और जर्जर विद्युत पोलों की शिकायतों पर अधिशासी अभियंता विद्युत को नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। वहीं, पेयजल लाइन, जल निकासी, राशन कार्ड, शौचालय, वन मार्ग, चेकडैम और कूड़ा निस्तारण से जुड़े मामलों में भी संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने महिला ग्राम प्रधानों की बैठकों में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए डीपीआरओ और बीडीओ को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस और बीडीसी बैठकों में महिला प्रधान स्वयं प्रतिभाग करें, उनके स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को प्रतिनिधि बनाकर न भेजा जाए।
ब्लॉक प्रमुख सुनीता देवी ने थलीसैंण क्षेत्र में तहसील दिवस आयोजित किए जाने पर प्रशासन का आभार जताते हुए समस्याओं के समयबद्ध समाधान की उम्मीद व्यक्त की। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह