तवाघाट-सोबला मार्ग भूस्खलन से बंद, तीन घाटियां प्रभावित
पिथौरागढ़, 06 सितंबर (हि.स.)। मानसून की विदाई से पहले सीमांत धारचूला क्षेत्र में बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार बारिश के कारण तवाघाट-सोबला मोटर मार्ग कनच्योति के पास भारी मलबा और बोल्डर आने से बंद हो गया है। वहीं चौदास घाटी के बलमी और व्यास घाटी में मलघाट के पास भूस्खलन के कारण सड़क अवरुद्ध हो गई है। इससे दारमा, व्यास और चौदास घाटियों का तहसील मुख्यालय धारचूला से संपर्क कट गया है।
कनच्योति के पास पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर गिरने से मार्ग पूरी तरह मलबे में दब गया। घटना के समय सड़क पर कोई वाहन नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया। मार्ग बंद होने के कारण दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और यात्री रास्ते में फंस गए।
तीनों घाटियों का संपर्क टूटने से सीमांत गांवों में राशन, दवाइयों और अन्य जरूरी सामान की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। ग्रामीणों के अनुसार आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना भी चुनौतीपूर्ण हो गया है।
धारचूला के उपजिलाधिकारी आशीष जोशी ने बताया कि मार्ग खोलने के लिए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को सूचना दे दी गई है। हालांकि पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण सड़क बहाली में बाधा आ रही है। प्रशासन ने मौसम को देखते हुए स्थानीय लोगों और यात्रियों से अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करने तथा संवेदनशील मार्गों पर जाने से बचने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष दरियाल