डॉ भीमराव अम्बेडकर के जीवन और कार्याें पर विचार गोष्ठी

 




हरिद्वार, 13 अप्रैल (हि.स.)। एसएमजेएन महाविद्यालय में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में भारत रत्न डॉ भीमराव अम्बेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर ‘डॉ भीमराव अम्बेडकर जी के जीवन और कार्य’ विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि डॉ अम्बेडकर ने न केवल भारतीय संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, बल्कि आधुनिक भारत के सामाजिक एवं वैचारिक ढांचे की भी मजबूत नींव रखी। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात कर वे अपने जीवन में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

प्रो. बत्रा ने कहा कि बाबा साहेब के दर्शन के तीन प्रमुख स्तंभ शिक्षा, चरित्र एवं नैतिकता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व, आज के प्रतिस्पर्धी युग में अत्यंत प्रासंगिक हैं। यदि विद्यार्थी इन सिद्धांतों को अपनाते हैं, तो वे किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर मानसी, भावेश पंवार, संस्कृति शर्मा, रिया कश्यप, खुशी शर्मा, दिव्यांशु नेगी, अनिष्का रावत और कशिश शुक्ला सहित कई छात्र-छात्राओं ने अपने विचार साझा किए। विचार गोष्ठी में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम के अंत में अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय कुमार माहेश्वरी ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सभी शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डॉ अम्बेडकर का व्यक्तित्व और दर्शन हर काल और परिस्थिति में अनुकरणीय है।

कार्यक्रम का सफल संचालन महाविद्यालय की प्राध्यापिका डॉ. मीनाक्षी शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. नलिनी जैन, डॉ. लता शर्मा, डॉ. मनोज कुमार सोही, डॉ. पल्लवी, डॉ. सरोज शर्मा, डॉ. आशा शर्मा, डॉ. मोना शर्मा, डॉ. अमिता मल्होत्रा, डॉ. रेनू सिंह, डॉ. अनुरीषा, दिव्यांश शर्मा, डॉ. हरीश चंद्र, विनीत सक्सेना, डॉ. गौरव अग्रवाल, यादविंदर सिंह, कालिंदी, प्रिंस श्रोत्रिय, निशांत चौहान, गौरव बंसल सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला