डेमोग्राफी बदलाव पर अब चुप नहीं रहेंगे, सैनी का दो टूक बयान
हरिद्वार, 30 अगस्त (हि.स.)। दर्जा धारी सुनील सैनी ने रुद्रपुर में एक मुस्लिम धर्मगुरु की ओर से देवभूमि उत्तराखंड का माहौल खराब करने और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को कथित तौर पर धमकी दिए जाने के बयान की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की शांति, संस्कृति और सामाजिक व्यवस्था के खिलाफ किसी भी तरह की साजिश को मजबूती से नाकाम किया जाएगा।
सुनील सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सुरक्षित और विकसित राज्य की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को चुनौती देने अथवा भड़काऊ बयानबाजी के जरिए सामाजिक माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। देवभूमि की शांति और सामाजिक सौहार्द से किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
राज्य मंत्री ने उत्तराखंड में जनसांख्यिकीय बदलाव यानी डेमोग्राफी परिवर्तन के मुद्दे पर भी सरकार की नीति का समर्थन करते हुए कहा कि अब इस विषय पर चुप रहने का समय चला गया है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में अब तक करीब 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा चुका है और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, देवभूमि के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखने के लिए सरकार के कड़े भू-कानून, समान नागरिक संहिता और सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून को सरकार की प्रमुख पहलों में शामिल बताते हुए कहा कि इन कदमों का उद्देश्य राज्य की विशिष्ट पहचान और सामाजिक व्यवस्था को सुरक्षित रखना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कानून से ऊपर कोई नहीं है। भड़काऊ बयान या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास किए जाने पर कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला