डीपीसीः जिला पंचायत टिहरी से भी 17 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय

 


नई टिहरी, 12 अक्टूबर (हि.स.)। जिला नियोजन समिति (डीपीसी) के लिए जिला पंचायत टिहरी से 17 और नगर निकायों से 3 प्रतिनिधि चुने जाने हैं। जिसके लिए सोमवार को नामांकन पत्र क्रय और दाखिल किए गए। जिला पंचायत से सभी सदस्यों का निर्विरोध चुना जाना तय है। जबकि नगर पालिका मुनिकीरेती में भी निर्विरोध और नगर पालिका चंबा और नई टिहरी में एक-एक सदस्य के लिए चुनाव होंगे।

जिला पंचायत में डीपीसी चुनाव के निर्वाचन अधिकारी व ईई लघु सिंचाई बृजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि जिला पंचायत टिहरी में सभी 17 पदों पर एक-एक नामांकन होने से उनका निर्विरोध चुना जाना तय है।

मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी। भिलंगना ब्लॉक से आशीष जोशी, धनपाल बिष्ट और विजय लाल, कीर्तिनगर से कविता देवी, उत्तम सिंह, प्रतापनगर से विजय देवी और लक्ष्मी देवी, जौनपुर से ममता और जोत सिंह, देवप्रयाग से पुष्पा रावत और पुष्पा देवी, नरेंद्रनगर से शीशपाल, जोत सिंह, जाखणीधार विजयपाल रावत और शकुंतला पंवार और थौलधार से शीशपाल सिंह, चंबा से दर्शनी रावत का सदस्य चुना जाना तय है।

वहीं नगर निकाय के निर्वाचन अधिकारी व एई संजय कुमार ढुकलान ने बताया कि मुनिकीरेती नगर पालिका से गजेंद्र सिंह सजवाण का एक नामांकन होने से उनका निर्विरोध चुनाव तय है। जबकि नई टिहरी व नरेंद्रनगर पालिका वार्ड से विनीत उनियाल, उर्मिला राणा और नवीन सेमवाल कुल तीन प्रत्याशियों नामांकन कराए। वहीं चंबा पालिका वार्ड से शक्ति प्रसाद जोशी, सोहन सिंह नेगी, अरूण रतूड़ी और गिरीश रावत कुल चार प्रत्याशियों ने नामांकन कराएं। मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच के बाद 16 को चुनाव कराए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी