डीएसबी परिसर में बौद्धिक संपदा अधिकारों पर व्याख्यान, शोध में मौलिकता पर दिया जोर

 


नैनीताल, 19 नवंबर (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में गुरुवार को बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें डॉ. ललित मोहन तिवारी ने विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को बौद्धिक संपदा अधिकारों के विभिन्न पहलुओं और भारत में इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।

व्याख्यान में डॉ. तिवारी ने कॉपीराइट अधिनियम, ट्रेडमार्क अधिनियम, पेटेंट अधिनियम, डिजाइन अधिनियम और भौगोलिक संकेतक (जीआई) अधिनियम सहित बौद्धिक संपदा अधिकारों से जुड़े प्रमुख कानूनों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विभिन्न पौध किस्मों एवं कृषक अधिकार संरक्षण अधिनियम, जैव विविधता अधिनियम और व्यापार रहस्य से संबंधित कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी।

उन्होंने मस्तिष्क की कार्यप्रणाली, सोचने-समझने की क्षमता और रचनात्मक विचारों के विकास पर चर्चा करते हुए कहा कि मानव मस्तिष्क नए विचारों एवं नवाचारों का स्रोत है। विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक सोच और वैज्ञानिक अनुसंधान के माध्यम से ऐसे नवाचार विकसित करने के लिए प्रेरित किया, जो मानव जीवन को बेहतर बनाने और वैश्विक समस्याओं के समाधान में सहायक हों।

डॉ. तिवारी ने शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों से शोध कार्य में नैतिकता और मौलिकता बनाए रखने तथा बौद्धिक संपदा अधिकारों से संबंधित नियमों का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने शोध एवं नवाचारों के संरक्षण और उनके व्यावहारिक उपयोग में आईपीआर की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पेनी जोशी ने किया।

कार्यक्रम में डॉ. गीता तिवारी, डॉ. दीपक आर्य, डॉ. नवीन, डॉ. नंदन, डॉ. श्रुति और डॉ. इकराम सहित वनस्पति विज्ञान एवं वानिकी विभाग के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी