डीएसबी परिसर में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम में 110 विद्यार्थियों ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

 


नैनीताल, 27 नवंबर (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर नैनीताल में शुक्रवार को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत नैनीताल के तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें लगभग 110 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में परिसर निदेशक प्रो. संजय पंत ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए उन्हें तनाव और प्रतिस्पर्धा के बीच सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। संचालन करते हुए शिक्षा संकायाध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी ने गांजा, अफीम, हेरोइन एवं कोकीन जैसे मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों तथा एनडीपीएस अधिनियम-1985 की जानकारी दी।

विभागाध्यक्ष डॉ. एचसीएस बिष्ट ने डीएसबी परिसर को नशामुक्त बनाए रखने की सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर देते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की। वहीं श्री मदन मेहरा ने नशे के मानसिक स्वास्थ्य, एकाग्रता और नींद पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों तथा नशा मुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता के बारे में जानकारी दी। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के उप निदेशक ने भी युवाओं को सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में डॉ. शिवांगी, डॉ. मुकेश सामंत, डॉ. दीपक कुमार, डॉ. हृदयेश कुमार, डॉ. दिव्या, डॉ. नवीन, डॉ. दीपक आर्य, डॉ. पूजा जोशी सहित शिक्षक एवं शोधार्थी उपस्थित रहे। अतिथियों को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी