डीएम ने लंबित 60 शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के लिए निर्देश
चमोली, 07 सितंबर (हि.स.)।जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सोमवार को सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने पोर्टल पर दर्ज प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा में उसका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने 36 दिन से अधिक समय से लंबित 60 शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से प्रत्येक प्रकरण में अब तक की गई कार्रवाई और वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई पूर्ण हो चुकी है और उनका निस्तारण कर दिया गया है, उनकी स्थिति सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर भी तत्काल अपडेट की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत के संबंध में की गई प्रत्येक कार्रवाई और प्रगति से शिकायतकर्ता को अवगत कराया जाए, ताकि उसे अपनी शिकायत पर हुई कार्रवाई एवं निस्तारण की स्पष्ट जानकारी मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों की नियमित रूप से समीक्षा करते हुए अधिकारी स्वयं उनकी निगरानी करें तथा निस्तारण में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब न होने दें। जिन शिकायतों के समाधान में एक से अधिक विभागों की भूमिका है, उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव पाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण