टॉपर्स कॉन्क्लेव में 31 स्कूलों के 306 मेधावी छात्र सम्मानित

 


देहरादून, 01 अगस्त (हि.स.) देहरादून में आयोजित आईसीएसई एवं सीबीएसई स्कूलों के छठे टॉपर्स कॉन्क्लेव में 31 स्कूलों के 306 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल के साथ सम्मान-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही 31 विद्यालयों को 'बेस्ट स्कूल अवार्ड' से सम्मानित किया गया।

आईआरडीटी ऑडिटोरियम में यूकॉस्ट, दिव्य हिमगिरी और डीआईटी यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय (आईएएस) ने विद्यार्थियों की सफलता पर उन्हें और उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे की सफलता में शिक्षकों के साथ-साथ अभिभावकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे यूकॉस्ट के महानिदेशक दुर्गेश पंत ने कहा कि देहरादून से पढ़ने वाले वाले बच्चे का सौभाग्य है कि देहरादून में 30 से अधिक देश के शीर्ष वैज्ञानिक संस्थान है।

कार्यक्रम को प्रिंसीपल्स प्रोग्रेसिव स्कूल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कश्यप व दून इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन डॉ डीएस मान ने भी संबोधित किया। इससे पूर्व स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम के संयोजक डॉ. कुँवर राज अस्थाना ने कार्यक्रम की रूपरेखा बताई और भविष्य में होने वाले कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी दी।

----

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल