टिहरी में भूस्खलन से तीन मकान और प्राथमिक विद्यालय प्रभावित, परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया

 

नई टिहरी, 0 2 अगस्त (हि. स.)। भिलंगना ब्लॉक के जंदोली तोक में रविवार को भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन से तीन परिवारों के मकान और एक प्राथमिक विद्यालय प्रभावित हो गया। मकानों के समीप भारी मलबा आने और जमीन दरकने से गांव में दहशत फैल गई। प्रशासन ने एहतियातन प्रभावित तीन परिवारों को पंचायत भवन में सुरक्षित स्थानांतरित कर दिया है।

भूस्खलन की चपेट में आने से प्राथमिक विद्यालय भी प्रभावित हुआ है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता व्याप्त है। इसके अलावा गांव की दो पेयजल लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं।

ग्राम प्रधान जितेंद्र थपलियाल ने बताया कि भूस्खलन से बलवीर लाल, मुकंद लाल व संजय लाल के मकान प्रभावित हुए हैं। खतरे को देखते हुए बाद में तीनों परिवारों को पंचायत भवन में शिफ्ट कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जंदोली तोक लंबे समय से भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील है। गांव के करीब 25 परिवार पहले से ही खतरे की जद में हैं। कई बार प्रशासन को स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया।

प्रभावित सविता देवी ने बताया कि सुबह 3 बजे के लगभग तेज बारिश हुई। इसके बाद अचानक घर के आगे का आंगन टूट गया। प्रभावित पूनम ने बताया कि बारिश के कारण उनके घर के पीछे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। छोटे बच्चों के साथ अब जर्जर घर पर रहना मुश्किल हो गया है।

राजस्व निरीक्षक विजय कुमार पटवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि भारी बारिश से जंदोली तोक में भूस्खलन हुआ है। एहतियात के तौर पर प्रभावित तीन परिवारों को पंचायत भवन में शिफ्ट किया गया है। आपदा से हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम को भेजी जाएगी।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय