टिहरी में पंचायतों के रिक्त 532 पदों पर उपचुनाव का कार्यक्रम जारी
नई टिहरी, 27 सितंबर (हि.स.)। टिहरी जिले में त्रिस्तरीय पंचायत के 537 रिक्त पदों पर उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यहां सदस्य ग्राम पंचायत के 532, प्रधान ग्राम पंचायत के 4 और सदस्य क्षेत्र पंचायत का एक पद पर चुनाव होने हैं। डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) नीतिका खंडेलवाल ने उपचुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। 30 सितंबर और एक अक्तूबर को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे।
3 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। वहीं अगले दिन सुबह 10 से अपराह्न तीन बजे तक नाम वापसी होगी। 5 अक्तूबर को निर्वाचन प्रतीक चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। उपचुनाव के लिए 12 अक्तूबर को सुबह 8 से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। 14 अक्तूबर को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।
निर्वाचन संबंधी सभी कार्य और मतगणना विकासखंड मुख्यालयों पर होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका ने बताया कि संबंधित निर्वाचन अधिकारियों की ओर से रिक्त पदों के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों का आरक्षण सहित विवरण सार्वजनिक किया जाएगा। प्रत्याशी निर्धारित तिथि और समय में निर्वाचन अधिकारी या सहायक निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे।
नामांकन पत्रों की बिक्री संबंधित विकासखंड मुख्यालयों में 26 सितंबर से एक अक्तूबर तक निर्धारित समय में की जाएगी। उपचुनाव वाले निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से मतगणना समाप्त होने तक लागू रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी