टिहरी झील में वाटर स्कीइंग के द्वितीय बैच का प्रशिक्षण शुरू
नई टिहरी, 21 सितंबर (हि.स.)। भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान (आईआईएसएम) गुलमर्ग, जम्मू-कश्मीर की ओर से टिहरी बांध की झील कोटी कालोनी में दो सप्ताह के वाटर स्कीइंग कोर्स द्वितीय बैच का प्रशिक्षण शुरू हो गया है।
संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा ने बताया कि वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों के लिए कोटी कॉलोनी शानदार गंतव्य है। यहां पर वाटर स्पोर्ट्स एडवेंचर के लिए सभी चीजें उपयुक्त हैं। बताया कि इस वर्ष भी संस्थान ने तीन बैचों में चौदह-चौदह दिवसीय वाटर स्कीइंग कोर्स संचालित किया है। जिसमें देशभर के 21 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रशिक्षण के उपरांत उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
आईआईएसएम केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के अंतर्गत संचालित होता है। जिसका प्रमाण पत्र मिलने पर प्रशिक्षणार्थी नौकरी के अलावा वाटर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में स्वरोजगार भी कर सकते हैं। बताया कि मुख्य प्रशिक्षक प्रवीन सिंह रांगड़, खलील शब्बीर, अरविंद रतूड़ी ने उन्हें प्रशिक्षण दे रहे हैं। इस मौके पर चेतन, रावत, विक्रम, प्रताप, अभिषेक, अबरार, नेहा, जोशी, सलीम, शिवम, दीपक, सागर मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी