टिहरी जिले में 46953 बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने का लक्ष्य

 

नई टिहरी, 02 नवंबर (हि.स.)। सीडीओ वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में पल्स पोलियो अभियान को लेकर जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। जिले में 22 नवम्बर को पल्स पोलियो अभियान संचालित किया जाएगा। जिसके तहत 0-5 वर्ष तक के 46953 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

सोमवार को कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में बताया गया कि पोलियो अभियान के लिए जिले में 523 बूथ बनाए गए हैं। जिनमें पर्वतीय क्षेत्र में 473 जबकि ढालवाला क्षेत्र में 50 बूथ शामिल हैं। जिनमें 105 सुपरवाइजर और 1992 कार्मिक तैनात किए गए हैं। घर-घर भ्रमण के लिए पर्वतीय क्षेत्रों में 946, ढालवाला क्षेत्र में 17 टीमें गठित की गई हैं। बूथों पर 22 नवम्बर को सुबह 9 से अपराह्न 4 बजे तक पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।

इसके बाद पर्वतीय क्षेत्रों में 23-24 नवम्बर जबकि ढालवाला क्षेत्र में 29 नवंबर तक घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को खुराक पिलाई जाएगी। कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रहे। इसके लिए लक्षित बच्चों का सर्वेक्षण, बूथों पर पर्याप्त वैक्सीन की उपलब्धता सहित कोल्ड चेन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

दुर्गम क्षेत्रों, प्रवासी परिवारों और निर्माण स्थलों पर रहने वाले श्रमिक परिवारों के बच्चों को भी इसमें शामिल करें। इसके बाद सीडीओ ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के अंतर्गत स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्था की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों को स्वास्थ्य केंद्रों में निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई कमियों पर चर्चा करते हुए उनके समाधान पर विमर्श किया। इस मौके पर सीएमओ राम प्रकाश, एसीएमएओ निधि रावत, सीएमएस नरेंद्रनगर डॉ. अमित राय, डीपीआरओ एमएम खान, डीपीओ संजय गौरव मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी