टिपरी-मदननेगी रोपवे सेवा बहाल करने की मांग

 

नई टिहरी, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बीते दो माह से बंद टिपरी-मदननेगी रोपवे सेवा बहाल करने की मांग की है। कहा कि 15 दिन के भीतर यदि सेवा का संचालन शुरू न हुआ तो क्षेत्रीय लोगों के साथ आंदोलन शुरू करेंगे।

डीएम को दिए ज्ञापन में उन्होंने बताया कि टिहरी बांध प्रभावित प्रतापनगर विधानसभा के 50 से अधिक गांवों के आवागमन के लिए संचालित टिपरी-मदननेगी रोपवे से सेवा 1 सितंबर से बंद चल रही है। बताया कि संचालनकर्ता कंपनी सिडकुल ने बजट के अभाव में सेवा बंद कर दी है। जिससे हजारों लोगों को 40 से 50 किमी की अतिरिक्त दूरी तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है।

ग्रामीणों, स्कूली छात्र-छात्राओं, कर्मचारियों, व्यापारियों और मरीजो को सबसे ज्यादा दिक्कत उठानी पड़ रही है। उन्होंने डीएम से जनहित में रोपवे का संचालन शीघ्र शुरू करने की मांग की है। यदि जल्द कार्रवाई न हुई तो क्षेत्रीय जनता के साथ आंदोलन सहित भूख हड़ताल शुरू करने से भी वह पीछे नहीं हटेंगे। डीएम नितिका खंडेलवाल ने बताया कि इस संबंध में उनकी ओर से शासन और संबंधित विभाग काे पूर्व में ही पत्र भेजा गया था। दाेबारा से इस बाबत कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी