टनकपुर को शारदा कॉरिडोर परियोजना के तहत विश्वस्तरीय पर्यटन एवं तीर्थ स्थल बनाने की तैयारी
नैनीताल, 10 जुलाई (हि.स.)। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में शुक्रवार को शारदा कॉरिडोर विकास परियोजना टनकपुर की प्रगति की ऑनालाइन माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में लगभग 200 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र के समग्र एवं सतत विकास की योजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
परियोजना का उद्देश्य टनकपुर और आसपास के क्षेत्रों को धार्मिक, सांस्कृतिक, पर्यटन, पर्यावरणीय एवं आर्थिक दृष्टि से विकसित कर विश्वस्तरीय पर्यटन एवं तीर्थ गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।
बैठक में शारदा नदी तट के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास, ईको-पर्यटन, साहसिक पर्यटन एवं जल क्रीड़ा, डेस्टिनेशन वेडिंग, शहरी आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, सड़क एवं जल निकासी नेटवर्क के उन्नयन, आपदा न्यूनीकरण, पार्किंग, हेलीपोर्ट, एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व फॉरेस्ट इंटरप्रिटेशन सेंटर सहित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। शारदा घाट पुनर्विकास (फेज-1 एवं फेज-2), किरोड़ा नाला ईकोलॉजिकल कॉरिडोर, सिटी ड्रेनेज प्लान, राणाकोची मंदिर विकास, एनएच-09 स्ट्रीटस्केपिंग, बहुमंजिला पार्किंग, श्रद्धा पथ और इंटीग्रेटेड वाटर स्पोर्ट्स सर्किट से जुड़े लंबित अनुमोदनों एवं विभागीय समन्वय पर भी चर्चा हुई।
आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि टनकपुर में लगभग पांच हेक्टेयर भूमि पर बायोडायवर्सिटी सेंटर स्थापित किया जाएगा। पूर्णागिरि में 51.10 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 250 चारपहिया वाहनों की क्षमता वाली बहुमंजिला पार्किंग का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है, जिसमें व्यावसायिक भवन एवं दुकानों के निर्माण का भी प्रावधान रहेगा। इसके अतिरिक्त बनबसा में हेलीपोर्ट विकसित किया जाएगा।
शारदा नदी में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से चूका से बूम रेंज तक 22 किलोमीटर लंबे रिवर राफ्टिंग मार्ग का विकास किया जाएगा। परियोजना का लक्ष्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने, क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने तथा आधुनिक एवं पर्यावरण-अनुकूल आधारभूत संरचना विकसित करना है।
बैठक में एजिस इंडिया कंसल्टिंग इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से सत्यजीत रॉय गुप्ता, आरके यादव एवं शशांक सिंह, यूपीडीडीसीसी की ओर से महाप्रबंधक एमके सिंह, उप महाप्रबंधक पीएन राय, परियोजना प्रबंधक मयंक मित्तल एवं अमित बंसल उपस्थित रहे, जबकि शारदा कॉरिडोर के एसपीओसी राजीव रंजन ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी