झारखंड के राज्यपाल का हल्द्वानी दौरा, जागेश्वर धाम में करेंगे पूजा-अर्चना
हल्द्वानी , 27 अगस्त (हि.स.)। झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार गुरुवार को निजी कार्यक्रम के तहत हल्द्वानी पहुंचे। वह परिवार के निजी कार्यक्रम के तहत अल्मोड़ा स्थित जागेश्वर धाम में पूजा-अर्चना के लिए रवाना हुए।
राज्यपाल के दौरे को देखते हुए हल्द्वानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और उनके रूट पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।राज्यपाल आज सुबह सड़क मार्ग से बरेली से होते हुए हल्द्वानी पहुंचे। यहां कुछ देर रुकने के बाद वह जागेश्वर धाम के लिए रवाना हुए। उनके आगमन को लेकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी।
हल्द्वानी की एसडीएम मोनिका ने राज्यपाल संतोष गंगवार का स्वागत किया।राज्यपाल जागेश्वर धाम में पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। इसके बाद वह शाम को हल्द्वानी लौटेंगे। काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में रात्रिभोज के बाद राज्यपाल सड़क मार्ग से बरेली के लिए रवाना होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता