ज्वालापुर रेलवे स्टेशन पर सुपरफास्ट ट्रेनों के स्थायी स्टॉपेज और मिनी बस स्टैंड की मांग
हरिद्वार, 01 अप्रैल (हि.स.)। महानगर इंटक हरिद्वार के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने महानगर अध्यक्ष मोनिक धवन के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले को देखते हुए ज्वालापुर क्षेत्र की यातायात व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि कुंभ मेले के दौरान हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का अत्यधिक दबाव रहता है। वहीं ज्वालापुर क्षेत्र के साथ-साथ भेल, सिडकुल, बहादराबाद, रोशनाबाद, सीलमपुर और ज्वालापुर देहात की बड़ी आबादी को ट्रेन या बस पकड़ने के लिए हरिद्वार रेलवे स्टेशन और बस अड्डे तक जाना पड़ता है। इससे आम जनता को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है और हरिद्वार शहर पर अतिरिक्त भार बढ़ जाता है।
इंटक कार्यकर्ताओं ने मांग की कि ज्वालापुर रेलवे स्टेशन पर सभी सुपरफास्ट ट्रेनों का स्थायी स्टॉपेज किया जाए, केवल कुंभ मेले के समय के लिए नहीं। इससे हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव कम होगा और ज्वालापुर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही ज्वालापुर क्षेत्र में एक मिनी बस स्टैंड बनाए जाने की भी मांग की गई, ताकि आसपास के क्षेत्रों की जनता को बस पकड़ने के लिए हरिद्वार बस अड्डे तक न जाना पड़े।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि ज्वालापुर क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे निजात दिलाने के लिए ज्वालापुर रेलवे स्टेशन से ज्वालापुर अंडरब्रिज तक पार्किंग बनाए जाने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके और उपनगरी क्षेत्र को जाम से राहत मिल सके। इस दौरान मंजू रानी ठाकुर, राजेंद्र सिंह, विशाल, लक्ष्मी मिश्रा एडवोकेट, अनुज कुमार शर्मा, वीरेंद्र भारद्वाज सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला