जोशीमठ-औली रोप वे के पुनः संचालन की मांग को लेकर गढ़वाल सांसद को भेजा ज्ञापन

 


ज्योतिर्मठ, 16 जून (हि.स.)।। सीमांत धार्मिक एवं पर्यटन नगरी जोशीमठ-ज्योतिर्मठ एवं विश्व विख्यात हिम क्रीड़ा केन्द्र औली की पहचान जोशीमठ -औली रोप वे के पुनः संचालन की मांग को लेकर स्थानीय पर्यटन व्यवसाईयों ने गढ़वाल सांसद अनिल वलूनी को ज्ञापन भेजा है।

सीमांत क्षेत्र जोशीमठ के पर्यटन व्यवसाईयों एवं शीतकालीन खेलों से जुड़े विभिन्न संगठनों द्वारा भेजे गए इस ज्ञापन मे कहा गया है कि जोशीमठ भू धसाव आपदा के दौरान वर्ष 2023मे रोप वे के संचालन को भी बंद कर दिया गया था, तब से कई बार रोप वे परियोजना का परीक्षण एवं समीक्षा कर पुनः संचालन का आग्रह किया जा रहा है।

रोप वे बंद होने से पर्यटन व्यवसाईयों की रोजी रोटी पर असर पड़ा है और लोग बेरोजगारी के कारण पलायन को भी विवश हो रहे हैं। जोशीमठ-औली पहचान के रूप मे एशिया की सबसे लम्बे रोप वे के बंद होने से पर्यटकों की आवाजाही भी बेहद कम हुई है। ज्ञापन मे आगामी शीतकालीन पर्यटन सीजन से पूर्व बंद किए गए रोप वे की समीक्षा कर पुनः संचालन शुरू करने का आग्रह किया गया है।

ज्ञापन पर नेशनल स्की कोच अजय भट्ट, शिवांचल सेमवाल, संतोष सिंह, दीपक भण्डारी, विपुल भट्ट, दिगपाल सिंह, दयाल सिंह, कुलदीप कवाण, अनिल सकलानी, विनोद सेमवाल, अनुज भुजवाण, आदि के हस्ताक्षर हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रकाश कपरुवाण