जिलाधिकारी की जनसुनवाई, 76 शिकायतें दर्ज, 34 का मौके पर निस्तारण
हरिद्वार, 06 अप्रैल (हि.स.)। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 76 शिकायतें, समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 34 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को समाधान के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, नहर मरम्मत, अतिक्रमण, जलभराव तथा आवागमन मार्ग से संबंधित अनेक शिकायतें सामने आईं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनसुनवाई में दर्ज सभी शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, उनमें अधिकारी आपसी समन्वय से मौके पर जाकर जांच कर समस्या का समाधान करें।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर भी सख्त निर्देश
बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने बताया कि 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का तत्काल समाधान किया जाए। वर्तमान में एल-1 स्तर पर 708 और एल-2 स्तर पर 146 शिकायतें लंबित हैं, जिनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से सिस्टम के माध्यम से फोन पर वार्ता करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, सचिव एचआरडीए मनीष कुमार, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला