जानवरों से इंसानों में फैलने वाली बीमीरियों को लेकर किया जागरूक
पौड़ी गढ़वाल, 06 जुलाई (हि.स.)। स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा विश्व जुनोसिस दिवस पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले की सभी चिकित्सा इकाइयों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और स्कूलों में जानवरों से इंसानों में फैलने वाली बीमारियों की जानकारियां दी गई। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. शिव मोहन शुक्ला ने कहा कि यह दिवस मनाने का उद्देश्य जानवरों से इंसानों में फैलने वाली विभिन्न संक्रामक जुनोटिक बीमारियों के खतरों और उनके बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
बताया कि जानवरों से इंसानों में रैबीज, कोविड 19, इबोला,बर्ड फ्लू, स्वाइन फ्लू, निपाह वायरस,जैसी गंभीर बीमारियां हो सकती हैं, ये बीमारियां संक्रमित जानवरों के सीधे संपर्क में रहने,दूषित भोजन पानी या मच्छरों के माध्यम से इंसानों में फैल सकती हैं। पशु मूल की इन बीमारियों से बचने के लिए विशेषकर आवारा और जंगली जानवरों के संपर्क में रहने पर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। पशुओं का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने के साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता पर जोर देना चाहिए। हमेशा जानवरों के संपर्क में आने पर साबुन पानी से हाथ अवश्य धोने चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह