जाखणीधार के गांवों में जाकर मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए मांगा जन समर्थन

 


नई टिहरी, 19 सितंबर (हि.स.)। नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर संयुक्त संघर्ष समिति की ओर से संचालित जन जागरण रथ यात्रा शनिवार को चौथे दिन जाखणीधार ब्लॉक के गांवों में पहुंची।

यात्रा में शामिल लोगों ने ग्रामीणों से जनसंपर्क कर नई टिहरी में मेडिकल कॉलेज की आवश्यकता की जानकारी दी। साथ ही लोगों से आंदोलन से जुड़कर अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया। कहा कि नई टिहरी ही जिले का केंद्र बिंदु है। जाखणीधार से प्रतापनगर, घनसाली, कंडीसौड, कीर्तिनगर, जौनपुर, देवप्रयाग से नई टिहरी सबसे सुलभ जगह है।

जनजागरण रथ यात्रा में नागरिक मंच के संरक्षक चंडी प्रसाद डबराल, असद आलम, सरताज अली, सुरेंद्र सिंह मखलोगा, इमरान खान, जितेंद्र सिंह रावत शामिल रहे। उन्होंने टिपरी, देवलसारी, गेंवली, पेटाब, जाखणीधार, खंडोगी, लामरीधार, अंजनीसैंण, जामणीखाल, हिंदोलाखाल, गरहकोट और कोटी सहित विभिन्न गांवों में जनसंपर्क किया। इधर, मेडिकल कॉलेज की मांग के समर्थन में बौराड़ी गणेश चौक पर 19वें दिन त्रिलोक चंद रमोला और विजय सिंह नेगी क्रमिक अनशन पर बैठे। टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर चल रहा सत्याग्रह भी 49 वें दिन जारी रहा।

सत्याग्रह पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट, कमल सिंह मेहर, सुधा पडियार, सीमा रावत आदि बैठे। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज निर्माण का शासनादेश जारी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को उग्र रूप से देने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी