जल स्कीइंग का प्रशिक्षण के समापन पर प्रतिभागियों को बांटे प्रमाणपत्र

 


नई टिहरी, 27 सितंबर (हि.स.)। भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान गुलमर्ग जम्मू कश्मीर की पहल पर टिहरी बांध की झील कोटी कालोनी में आयोजित जल स्कीइंग प्रशिक्षण शिविर का समापन हो गया। जिसमें उत्तराखंड सहित यूपी, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा के 21 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

रविवार को समापन अवसर पर मुख्य अतिथि जिला पर्यटन अधिकारी सोबत सिंह राणा ने कहा कि जल स्कीइंग के क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को इस प्रशिक्षण का लाभ उठाकर अपने-अपने क्षेत्रों में जल स्कीइंग की गतिविधियां शुरू करनी चाहिए। इससे वे स्वयं रोजगार से जुड़ने के साथ ही अन्य लोगों को भी स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करा सकते हैं।

उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं से इस क्षेत्र में आगे बढ़कर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की अपील की। संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर प्रतिभागियों को बधाई दी। कहा कि एडवेंचर स्पोटर््स के लिए टिहरी झील शानदार गंतव्य है। संस्थान लगातार यहां पर इस तरह के प्रशिक्षण चला रहा है।

उन्होंने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित करते हुए युवाओं के प्रयासों की सराहना की। इस मौके पर पाठ्यक्रम प्रभारी प्रवीण सिंह रांगड़, अरविंद रतूड़ी, खलील घनई, शबीर अहमद आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी