जल संरक्षण व कूड़ा निस्तारण पर जानकारी से तैयार करेंगे प्रोजेक्ट
नई टिहरी, 30 सितंबर (हि.स.)। चंबा ब्लॉक के राजकीय इंटर कालेज नागदेव पथल्ड के बाल वैज्ञानिकों की टीम ने कुडियाल गांव और स्वाड़ी गांव का भ्रमण किया। उन्होंने कूड़ा निस्तारण और जल संरक्षण पर ग्रामीणों से जानकारी ली और इसके निस्तारण के कुछ जरूरी सुझाव भी दिए।
बुधवार को जीआईसी नागदेव पथल्ड के बाल वैज्ञानिकों की टीम कृष्णा नकोटी, ऋषभ नकोटी, संध्या, हिमांशु आादि ने बाल विज्ञान कांग्रेस के तहत निकटवर्ती कुड़ियाल और स्वाड़ी गांव का भ्रमण किया। स्वाड़ी गांव में टीम ने ग्रामीणों से जाना है कि वे कूड़े का निस्तारण कैसे करते हैं। जाना कि ग्रामीण जैविक कूड़े का गोबर बनाते हैं और उसे खेती के उपयोग में लाते हैं। वहीं अजैविक कूड़े के उचित निस्तारण को लेकर बाल वैज्ञानिकों ने मार्गदर्शक शिक्षिका रीता पंवार के नेतृत्व में ग्रामीणों को सुझाव दिए। बताया कि इसी विषय पर प्रोजेक्ट तैयार कर रहे हैं।
गांव में वर्षा आधारित जल के प्रयोग को जाना और देखा कि कुछ ग्रामीण बारिश के पानी को टैंक में संग्रह करके उसे कपडे धोने से लेकर गर्मियों में सिंचाई व पशुओं को पानी पिलाने, नहलाने के लिए लिए उपयोग करते हैं। मार्गदर्शक शिक्षिका माधुरी अंथवाल के नेतृत्व में वैज्ञानिकों ने वर्षा जल संरक्षण के बारे में ग्रामीणों से बातचीत भी की और बताया कि पेयजल से जुड़ी दिक्क़तों को दूर करने के लिए ग्रामीणों से हुई बातचीत के आधार पर प्रोजेक्ट तैयार कर रहे हैं। जिसका उद्देश्य समस्याओं के समाधान का प्रयास करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी