जनसुनवाई में 70 शिकायतें दर्ज, 38 का मौके पर निस्तारण

 




हरिद्वार, 16 मार्च (हि.स.)। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 70 शिकायतें, समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 38 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया। जनसुनवाई में मुख्य रूप से राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, राशन, अतिक्रमण, पेयजल सहित अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं सामने आईं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में दर्ज शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है, वहां संबंधित विभाग आपसी समन्वय से निरीक्षण कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 36 दिन से अधिक लंबित शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाए। वर्तमान में एल-1 स्तर पर 401 और एल-2 स्तर पर 117 शिकायतें लंबित हैं, जिनके शीघ्र समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। साथ ही शिकायतकर्ताओं से सिस्टम के माध्यम से फोन पर वार्ता करने को भी कहा गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सरिता पंवार, परियोजना निदेशक उरेडा वाई.एस. बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी आदि रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला