जनता मिलन में फरियादियो ने डीएम को गिनवाई समस्याएं

 


पौड़ी गढ़वाल, 17 अगस्त (हि.स.)।जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 25 शिकायतों की सुनवाई की।

इस दौरान फरियादियों ने पेयजल किल्लत, गंदा पेयजल आने, सूअरों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाने सहित विभिन्न समस्याएं आई। डीएम ने अधिकारियों को तय समय के भीतर समस्याएं हल करने के निर्देश दिए।

सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विकासखंड कोट के श्रीखोन, स्यालंगी व कठूड़ गांवों को घुड़दौड़ी ग्राम समूह पेयजल पंपिंग योजना से नहीं जोड़े जाने की पूर्णिमा नेगी की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जल निगम के अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सर्वमान्य समाधान निकालने के निर्देश दिए।

ग्राम थली की महिला मंगल दल की अध्यक्ष उमा देवी ने चौपड़ा का गंदा पानी पेयजल स्रोत में मिलने से पेयजल दूषित होने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को तत्काल मौके पर जाकर जांच एवं आवश्यक उपचारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वहीं, कल्जीखाल विकासखंड के नौली के ग्रामीणों द्वारा पेयजल की नियमित आपूर्ति न होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान एवं जल निगम के अधिकारियों को अगले ही दिन मौके पर पहुंचकर शिकायत का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता मिलन कार्यक्रम में पौड़ीगांव की महिलाओं ने वाल्मिकी बस्ती के पालतू सुअरों से फसल को हो रही क्षति की शिकायत की।

जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका को निर्देशित किया कि ऐसी शिकायतों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित पशुपालकों के विरुद्ध चालानी करने को कहा। विकासखण्ड धुमाकोट के ग्राम सुकरौं निवासी शिव सिंह बिष्ट ने अपनी शिकायत में कहा कि बीएसएनएल द्वारा उनकी निजी भूमि पर लगाया गये टावर का 2017 से किराये का भुगतना नहीं किया जा रहा है और टावर खराब स्थिति में पडा है। जिलाधिकारी ने ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को बीएसएनएल के माध्यम से प्रकरण की जॉचकरवाने के निर्देश दिये है।

इस मौके पर सीडीओ अशोक जोशी, एडीएम एफ आर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीएमओ डॉ मेघना असवाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ विशाल शर्मा, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी, डीएसटीओ राम सलोने आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह