जनगणना में लगे शिक्षकों व कर्मचारियों ने कार्यमुक्त करने की उठाई मांग

 

पौड़ी गढ़वाल, 26 अप्रैल (हि.स.)।राजकीय शिक्षक संघ व जूनियर हाईस्कूल(पूमा) शिक्षक संघ ने जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों व कर्मचारियों को कार्यमुक्त किए जाने की मांग की है। संघ ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर जल्द समस्या का हल निकालने की मांग की है।

जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में जनगणना के तहत मकान सूचीकरण का कार्य किया जा रहा है, जिसके लिए विभागीय शिक्षकों व कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है। कहा कि जिले के कई क्षेत्रों में स्कूलों से कार्यस्थल की दूरी अधिक होने के चलते शिक्षकों के लिए शैक्षिक कार्य के साथ-साथ जनगणना का कार्य करना अत्यंत कठिन हो रहा है। कहा कि जनगणना का कार्य महत्वपूर्ण कार्य है। जिसके लिए नियुक्त किए गए शिक्षकों व कर्मचारियों को कार्यमुक्त किया जाना आवश्यक है। जिससे वे जनगणना का कार्य समर्पण के साथ समय पर कर सके। उन्होंने जनगणना में लगे शिक्षकों व कर्मचारियों को कार्यमुक्त करने की मांग की है।

ज्ञापन देने वालों में राजकीय शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष भवान सिंह नेगी, जिलामंत्री बिजेंद्र सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष पूरण सिंह, अनिल नेगी, दिनेशचंद्र पाठक, ऋषि रावत, अवनीश नेगी, मनीष बिष्ट, पूरण चंद्र धुलिया, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष भगत सिंह भंडारी, जिलामंत्री भोपाल सिंह रावत शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह