जनकल्याण शिविर में 180 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ, 32 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
नैनीताल, 07 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण, जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत मंगलवार को नैनीताल जनपद के बेतालघाट विकासखंड के गरमपानी-खैरना में बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में 180 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। शिविर में प्राप्त 38 शिकायतों में से 32 का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिविर में ग्रामीणों ने जंगली जानवरों और बंदरों से फसलों को हो रहे नुकसान, आवारा पशुओं की समस्या, विद्युत पोलों पर झूलते तार, मनरेगा भुगतान, शिप्रा नदी की सफाई सहित अन्य स्थानीय समस्याएं उठाईं, जिन पर अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
परियोजना निदेशक डीआरडीए शिल्पी पंत ने कहा कि यह अभियान सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने 128 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क दवाइयां वितरित कीं, जबकि आयुर्वेद विभाग ने 30, होम्योपैथी विभाग ने 24 लाभार्थियों को औषधियां दीं और महिला एवं बाल विकास विभाग ने छह महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के सांस्कृतिक दल ‘नई दिशा’ ने लोकगीतों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी अवकाश प्राप्त कर्नल रमेश सिंह ने पूर्व सैनिकों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी, जबकि उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या ने मतदाता सूची पुनरीक्षण, समान नागरिक संहिता, आयुष्मान कार्ड, भू-कानून, खाता-खतौनी और ऑनलाइन प्रमाण-पत्रों सहित विभिन्न जनहितकारी सेवाओं की जानकारी दी।
शिविर में ग्राम प्रधान उषा पिनारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश नेगी, खंड विकास अधिकारी पंकज जोशी, तहसीलदार भुवन भंडारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी अनीता सक्सेना, भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, सामाजिक कार्यकर्ता दलीप बोरा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी