जंगलिया गांव–मलुवा ताल के ग्रामीणों ने जिला पंचायत अध्यक्ष को ज्ञापन

 


नैनीताल, 16 मार्च (हि.स.)। नैनीताल जनपद के विकास खंड भीमताल के जंगलिया गांव-मलुवा ताल मोटर मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को जिला पंचायत सदस्य बिपिन जंतवाल तथा सामाजिक कार्यकर्ता कमलेश भट्ट ने संयुक्त रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्म्वाल को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के बाद से अब तक गांव के लोग मोटर मार्ग जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं।

ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष व क्षेत्रीय प्रधान लक्ष्मण सिंह गंगोला ने बताया कि ग्रामीण कई बार मुख्यमंत्री, कुमाऊं आयुक्त, नैनीताल के जिलाधिकारी तथा लोक निर्माण विभाग से मार्ग निर्माण की मांग कर चुके हैं, कई बार विकास भवन में धरना-प्रदर्शन भी किया गया। लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि पूर्व में गांव को विस्थापन की श्रेणी से हटाए जाने के बाद लोगों को मार्ग निर्माण की उम्मीद जगी थी, परंतु आज तक सड़क नहीं बन सकी। जिला पंचायत अध्यक्ष ने इस संबंध में शीघ्र समाधान के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य गीता आर्या, ग्राम प्रधान राधा कुल्याल, पूर्व कनिष्ठ प्रमुख रामपाल गंगोला, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मदन मोहन कुल्याल, दीपा पडियार, शोभन राम, महेंद्र पडियार, प्रेम सिंह कुल्याल तथा पूर्व सरपंच राजेंद्र गंगोला सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी