छात्र-छात्राओं ने लोकनृत्य, गीत और नाटिका से जीवंत किया पंत का व्यक्तित्व
पौड़ी गढ़वाल, 10 सितंबर (हि.स.)। स्वतंत्रता आंदोलन के अग्रणी सेनानी और उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर पौड़ी में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। जिला प्रशासन और विभिन्न संस्थानों की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में पंत के संघर्ष, त्याग, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा को याद किया गया। छात्र-छात्राओं ने लोकनृत्य, गीत, कविता व लघु नाटिका के जरिए उनके जीवन और योगदान को जीवंत किया।
जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज घुड़दौड़ी में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी और कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वीके बंगा समेत अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने पंत की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की। जिलाधिकारी ने कॉलेज में लगाई गई चित्रकला प्रदर्शनी का अवलोकन कर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने आधुनिक तकनीक, पर्यावरण और समसामयिक विषयों पर आधारित चित्रों की सराहना की।
इसके बाद जिला प्रशासन और संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला कार्यालय परिसर में मुख्य कार्यक्रम हुआ। यहां पंत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया गया। नेहरू मोंटेसरी स्कूल की छात्राओं ने लोकनृत्य और गीत, जीजीआईसी पौड़ी की छात्राओं ने लघु नाटिका और आदर्श प्राथमिक विद्यालय संख्या-5 की छात्रा ने कविता पाठ प्रस्तुत किया।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि पंत का जीवन त्याग, संघर्ष, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा की प्रेरणादायी मिसाल है। उनका जीवन युवा पीढ़ी को लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से बच्चों को महान व्यक्तित्वों के जीवन और आदर्शों से परिचित कराने का आह्वान किया। इस दौरान विद्यार्थियों से पंत के जीवन और योगदान से जुड़े सवाल पूछकर उनकी सहभागिता भी सुनिश्चित की गई।
सेंट थॉमस स्कूल की छात्रा आयत अंसारी और राजमती देवी सरस्वती विद्या मंदिर तिमली की दीपिका रावत ने सही उत्तर देकर पुरस्कार जीते। जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं के जूनियर और सीनियर वर्ग के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इसके अलावा युवा कल्याण विभाग के डिजिटल युवा महोत्सव के तहत आयोजित पुश-अप/स्क्वाट, सांस्कृतिक चैलेंज, स्किपिंग, युवा फोटोग्राफी, फिटनेस फिनाले और वन मिनट वन स्किल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कार दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह