छह लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
हरिद्वार, 20 मार्च (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त तत्वों के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली बहादराबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस ने चेकिंग के दौरान नहर पटरी गुजरों के डेरे के पास बहादराबाद क्षेत्र से एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 18.98 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत करीब छह लाख रुपये बताई जा रही है।
पकड़े गए आरोपित की पहचान रमाकांत पुत्र राजकुमार निवासी फतेहगंज, बरेली (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी पावन धाम कॉलोनी थाना कनखल, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली बहादराबाद में मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है। आरोपित के खिलाफ पूर्व में भी कनखल थाने में एनडीपीएस के तहत मुकदमा दर्ज है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला