चुनाव कार्मिकों की सूचना न देने वाले विभागाध्यक्षों का सितंबर का वेतन रोकने के निर्देश

 


नैनीताल, 21 सितंबर (हि.स.)। आगामी विधानसभा चुनाव-2027 के लिए मतदान एवं मतगणना कार्मिकों की व्यवस्था के दृष्टिगत जिला निर्वाचन कार्यालय ने सरकारी, अर्द्धसरकारी विभागों, कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षकों का विवरण उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है।

इसी कड़ी में नैनीताल के जिला निर्वाचन अधिकारी- जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने वांछित सूचना उपलब्ध न कराने वाले विभागाध्यक्षों एवं कार्यालयाध्यक्षों का सितंबर 2026 का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।

जिला मजिस्ट्रेट ने मुख्य कोषाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि जिला सूचना विज्ञान अधिकारी द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची एवं प्रमाण पत्र के आधार पर ही संबंधित विभागाध्यक्षों और कार्यालयाध्यक्षों के सितंबर माह के वेतन का आहरण सुनिश्चित किया जाए।

जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा पूर्व में सभी संबंधित विभागों एवं शिक्षण संस्थानों को अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सूची निर्धारित प्रारूप-1 एवं प्रारूप-2 में तैयार कर एक्सेल पत्रक के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन के लिए कार्मिकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित प्रारूप में यह सूचना उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी